रांची: झारखंड में महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान की राज्यस्तरीय शुरुआत बुधवार को की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और मजबूत समाज की नींव होती है। राज्य सरकार महिलाओं में एनीमिया, कुपोषण और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए लगातार अभियान चला रही है। स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग के माध्यम से महिलाओं को बेहतर इलाज और परामर्श दिया जा रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि उनके नेतृत्व में यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान शुरू किया गया है, जिसका राज्य में आज विधिवत शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं, फिर चाहे वह शिक्षा हो, खेल हो या अंतरिक्ष। राज्य में भी महिलाओं को शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त करने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार के सशक्तिकरण को सीधे राष्ट्र निर्माण से जोड़ता है।
राज्यपाल ने बताया कि इस अभियान के तहत झारखंड में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से लेकर जिला अस्पतालों तक व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य जांच और जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि अभियान की सफलता तभी संभव है जब जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्यकर्मी, पंचायत सदस्य, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहिया दीदी, स्वयंसेवी संस्थाएं और मीडिया मिलकर सक्रिय भूमिका निभाएं।
राज्यपाल ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें और प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाएं।
