पलामू: झारखंड के पलामू जिले में शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक दामाद की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के चेडाबार गांव की है।
मिली जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी को युगेश सिंह नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। युगेश सिंह पलामू के नावाबाजार थाना क्षेत्र का रहने वाला था और उसका ससुराल चेडाबार में था। हत्या के बाद उसका शव कोयल नदी के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला था। इस मामले में मृतक की पत्नी ने चैनपुर थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेडाबार निवासी शिवपूजन सिंह और जयप्रकाश सिंह के रूप में हुई है। इसकी पुष्टि पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने की है।
एसपी के अनुसार, घटना वाले दिन युगेश सिंह शराब के नशे में बैठा हुआ था। इसी दौरान दोनों आरोपी वहां पहुंचे और उससे शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगे। पैसे को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने युगेश के सिर पर फाइटर से हमला कर दिया तथा गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड के खुलासे में इंस्पेक्टर पूनम टोप्पो, चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा, सब इंस्पेक्टर बाबूलाल दुबे और छत्रधारी कुमार समेत कई पुलिस अधिकारियों की अहम भूमिका रही।
