कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फरार हो गया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
मृतका की पहचान 25 वर्षीय प्रीति कुमारी के रूप में हुई है, जो गिरिडीह जिले के राजधनवार की रहने वाली थी। प्रीति की शादी करीब तीन साल पहले पवन स्वर्णकार से हुई थी। पवन पेशे से टोटो चालक था और अपनी पत्नी और बच्ची के साथ झुमरी तिलैया के तिलैया बस्ती वार्ड नंबर 2 में किराए के मकान में रहता था।
मृतका के मामा अनिल स्वर्णकार के अनुसार, बीते कुछ दिनों से पवन अपनी पत्नी प्रीति के साथ राजधनवार में ही रह रहा था। लेकिन गुरुवार को वह अपनी पत्नी और बच्ची के साथ वापस झुमरी तिलैया आ गया और अपने काम में लग गया।
शुक्रवार की शाम पवन ने फोन पर जानकारी दी कि वह पुराने मकान को छोड़कर एक नए किराए के मकान में शिफ्ट हो रहा है। इसके बाद शनिवार सुबह पवन ने परिजनों को फोन कर बताया कि उसका प्रीति के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। झगड़ा इतना बढ़ गया कि हाथापाई में प्रीति के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह सूचना मिलते ही प्रीति के परिजन झुमरी तिलैया पहुंचे और तिलैया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस तुरंत उस किराए के मकान में पहुंची, जहां पवन अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। मौके पर पहुंचने पर कमरे में ताला बंद मिला। पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ था, जिससे संघर्ष के संकेत मिल रहे थे।
पुलिस ने आरोपी पवन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। तकनीकी जांच में पवन के मोबाइल का आखिरी लोकेशन मरकच्चो क्षेत्र में पाया गया।
पुलिस लगातार पवन की तलाश में जुटी रही। इसी दौरान रविवार को पवन का टोटो बेंगाबाद इलाके में देखे जाने की सूचना मिली, लेकिन प्रीति का कोई पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह तिलैया पुलिस डॉग स्क्वायड के साथ दोबारा उस मकान में पहुंची, ताकि कोई सुराग मिल सके। इसी बीच गुमो सतपुलिया के पास रहने वाले एक मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी कि उनके घर के पास एक प्लास्टिक में लिपटा हुआ शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच करने पर पता चला कि वह शव प्रीति कुमारी का ही है।
इस मामले पर कोडरमा के एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह साफ है कि महिला की हत्या की गई है। पुलिस आरोपी पति पवन स्वर्णकार की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अनिल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच करेगी।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
