RANCHI : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शहरी विकास के संकल्प के तहत राजधानी रांची के सैनिक बाजार क्षेत्र में झारखंड का सबसे भव्य और आधुनिक शॉपिंग मॉल सह ऑफिस कॉम्प्लेक्स बनने जा रहा है। यह मॉल एक 11 मंजिला ट्विन टॉवर के साथ बनेगा, जो इस प्रोजेक्ट का मुख्य आकर्षण होगा।
इस भव्य योजना का प्रारूप गुरुवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यालय में प्रस्तुत किया गया। परामर्शी संस्था मास एंड वायड ने यह प्रस्तुति दी। नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार और प्रधान सचिव सुनील कुमार भी इस बैठक में उपस्थित रहे। प्रारूप पर चर्चा के दौरान मामूली सुझाव और संशोधनों के साथ, प्रधान सचिव ने जल्द अंतिम डिजाइन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
यह पूरा प्रोजेक्ट PPP (Public Private Partnership) मॉडल पर बनेगा, यानी इसके निर्माण में राज्य सरकार की कोई आर्थिक भागीदारी नहीं होगी। यह रांची के आधुनिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विस्थापित नहीं होंगे मौजूदा दुकानदार
प्रस्तुति के दौरान प्रधान सचिव सुनील कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो दुकानदार वर्तमान में वहां व्यवसाय कर रहे हैं, उन्हें विस्थापित नहीं किया जाएगा। मॉल बनने के बाद सबसे पहले उन्हीं योग्य दुकानदारों को उसमें स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मॉल को इस तरह डिजाइन किया जाए कि वह विकासशील शहर के नागरिकों की जरूरतों को पूरा कर सके — जिसमें व्यापार, मनोरंजन, ऑफिस और आधुनिक सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलें।
🏗️ मॉल की बनावट और प्रमुख सुविधाएं:
-
प्रोजेक्ट का कुल क्षेत्रफल 9 लाख वर्ग फीट होगा।
-
मार्केटिंग और ऑफिस कॉम्प्लेक्स का बिल्ट-अप एरिया लगभग 6 लाख वर्ग फीट होगा।
-
प्रोजेक्ट के पीछे दो भवन बनाए जाएंगे, जिनमें से मुख्य आकर्षण 11 मंजिला ट्विन टॉवर होगा।
-
2 बेसमेंट फ्लोर बनाए जाएंगे जिनमें कुल 700 से अधिक वाहनों की पार्किंग सुविधा होगी।
-
लोअर ग्राउंड फ्लोर में शॉपिंग मॉल और मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स स्थापित किया जाएगा।
-
सामने के हिस्से में G+5 फ्लोर वाला एक अन्य भवन बनाया जाएगा।
-
इस भवन के ग्राउंड फ्लोर पर शॉपिंग पोडियम, कियोस्क, और छोटी दुकानें विकसित की जाएंगी।
-
ट्विन टावर में खुदरा व्यापार, मनोरंजन, वर्कशॉप, और कार्यशालाओं की व्यवस्था होगी।
-
मॉल परिसर में 6 मल्टीप्लेक्स सिनेमा, फूड कोर्ट, गेमिंग ज़ोन, और शोरूम्स जैसी आधुनिक सुविधाएं भी होंगी।
