रांची: झारखंड की राजधानी रांची में चौथी सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का काउंटडाउन शुरू हो गया है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 24 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक आयोजित होगी। इस दौरान भारत, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल और श्रीलंका के एथलीट अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
करीब 300 अंतरराष्ट्रीय एथलीट, कोच और तकनीकी पदाधिकारी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
आज पर्यटन, कला, संस्कृति, खेल और युवा मामले विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक शेखर जमुआर और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव मधुकांत पाठक ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
उद्घाटन समारोह 24 अक्टूबर की शाम 6 बजे रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित होगा। इस मौके पर खेल मंत्री ने प्रतियोगिता की तैयारियों की पूरी जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी कर रहा है। उन्होंने इसे पूरे राज्य के लिए गौरव की बात बताया और कहा कि यह आयोजन झारखंड की खेल पहचान को और मजबूत करेगा।
सीएम ने निर्देश दिया कि आयोजन भव्य, शानदार और सफल हो ताकि खेल के क्षेत्र में झारखंड की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बन सके।
इस आयोजन को लेकर राज्य के खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। स्थानीय लोग खिलाड़ियों को मैदान में खेलते देखने को उत्सुक हैं। आयोजन समिति को उम्मीद है कि यह प्रतियोगिता न केवल खेल को बढ़ावा देगी बल्कि झारखंड की छवि को भी वैश्विक मंच पर और सशक्त बनाएगी।
अब खेल प्रेमियों को बेसब्री से 24 अक्टूबर का इंतजार है, जब मोरहाबादी स्टेडियम, रांची में सैफ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का औपचारिक उद्घाटन होगा।
