बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से दर्दनाक खबर सामने आई है। श्रीनगर थाना क्षेत्र के कोहड़ा भवानीपुर स्कूल में चुनाव ड्यूटी पर तैनात आईटीबीपी के एक जवान ने खुद को गोली मार ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक जवान की पहचान गौतम कुमार यादव, उम्र 33 वर्ष, निवासी चिरकुंडा, धनबाद (झारखंड) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, गौतम कुमार यादव चुनाव कराने के लिए ड्यूटी पर बेतिया पहुंचे थे। स्कूल परिसर में ही तैनाती के दौरान उन्होंने अपनी सर्विस एलएमजी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की तेज आवाज सुनते ही आसपास मौजूद जवानों में हड़कंप मच गया। साथी जवानों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। श्रीनगर थाना पुलिस और डीएसपी रजनीश प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डीएसपी रजनीश प्रियदर्शी ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आईटीबीपी अधिकारियों को भी जानकारी दी गई। घटनास्थल पर जांच के दौरान जवान की सर्विस राइफल उसके पास पड़ी मिली। शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि कारणों की अभी जांच चल रही है।
जवान गौतम कुमार यादव झारखंड के धनबाद जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने उनके परिवार को सूचना दे दी है। इस घटना से पूरे आईटीबीपी कैंप में शोक की लहर है।
धनबाद का यह लाल लोकतंत्र की ड्यूटी निभाने बेतिया पहुंचा था, लेकिन अब वह लौटेगा तिरंगे में लिपटा हुआ।
