रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी विजेता झारखंड क्रिकेट टीम ने की मुलाकात, ऐतिहासिक जीत पर दी बधाई: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी–2025 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली झारखंड क्रिकेट टीम के सदस्यों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान टीम के कप्तान और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन ने पूरी टीम के साथ विजेता ट्रॉफी मुख्यमंत्री को सांकेतिक रूप से सौंपकर जीत का जश्न मनाया।
मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए झारखंड क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
डोमेस्टिक क्रिकेट में झारखंड की बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट जीतकर झारखंड ने डोमेस्टिक क्रिकेट में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है। इस तरह की राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों से राज्य में खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा कि आज झारखंड के खिलाड़ी क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी, फुटबॉल और तीरंदाजी जैसे खेलों में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
राज्य में मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद के दौरान राज्य में मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम विकसित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा वातावरण तैयार किया जाना चाहिए, जिसमें प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले। इसके लिए स्कूल और कॉलेज स्तर से ही खेलों को मजबूती से जोड़ा जाना जरूरी है, ताकि उभरते खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफॉर्म मिल सके।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस दिशा में राज्य सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
विदेशों में प्रशिक्षण और मैच खेलने की पहल पर जोर
मुख्यमंत्री ने जेएससीए से कहा कि खिलाड़ियों के विकास में खेल संघों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि खिलाड़ियों को विदेशों में प्रशिक्षण और मैच खेलने का अवसर देने की पहल की जाए, जिससे उन्हें अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने का अनुभव मिले और उनके प्रदर्शन में और निखार आए।
परंपरागत खेलों की भी हो रही वापसी
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिकेट, हॉकी और फुटबॉल के साथ-साथ झारखंड के परंपरागत खेल भी नए स्वरूप में लौट रहे हैं। आज ऐसे खेलों की प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हो रही हैं, जिससे युवाओं के लिए खेलों में करियर बनाने के कई अवसर खुले हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए हमेशा तत्पर है और झारखंड को खेलों की दुनिया में एक मजबूत और दमदार पहचान दिलाना सरकार का लक्ष्य है।
नियमित खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन पर बल
मुख्यमंत्री ने पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और राज्य को नई खेल प्रतिभाएं मिलेंगी।
इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, जेएससीए अध्यक्ष श्री अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष श्री संजय पांडेय, सचिव श्री सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव श्री शाहबाज नदीम सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी, झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मौजूद थे।
