रांचीः मौसम विभाग की ओर से रांची जिले में शीतलहर एवं ठंड के बढ़ते प्रभाव की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के आदेश के बाद रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की ओर से जिले में संचालित सभी कोटि के विद्यालयों में कक्षाएं बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
उपायुक्त के आदेश के अनुसार रांची जिले के अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं सभी निजी विद्यालयों में वर्ग-केजी से लेकर वर्ग-6 तक की कक्षाएं 12 से 14 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगी।
कक्षा 7 से 12 तक 10 बजे से स्कूल
साथ ही कक्षा 7 से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं का पठान पाठन कार्य पूर्वाह्न 10:00 से संचालित करने का आदेश भी जारी किया गया है। यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि शीतलहर के कारण होने वाली संभावित परेशानियों से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके।
13 से 16 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग की ओर से गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों के लिए 13 से 16 जनवरी तक के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। वहीं, हजारीबाग जिले में 14 से 16 जनवरी के बीच शीत लहर अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के अनुसार 11 जनवरी को रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक झारखंड के कई हिस्सों में शीत लहर की स्थिति दर्ज की गई, जहां राज्य के आठ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया।
सबसे कम तापमान गुमला में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पलामू (डालटेनगंज) में 4.9 डिग्री और खूंटी में 5.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
