मुंबई : मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को सात रन से हराकर टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली है। इस शानदार जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। अब फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम का सामना न्यूजीलैंड से होगा।
टीम इंडिया की इस बड़ी जीत पर बॉलीवुड सितारों ने भी खुशी जताई और सोशल मीडिया के जरिए खिलाड़ियों को बधाई दी। अभिनेता अक्षय कुमार ने एक्स (ट्विटर) पर एक मजेदार डांस वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “इस तरह से आप फाइनल की ओर बढ़ते हैं… क्या शानदार जीत है टीम इंडिया!”
वहीं अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने भी भारतीय टीम की तारीफ करते हुए लिखा कि नीली जर्सी में टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा और टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में उनकी एंट्री दमदार है।
अभिनेता सोनू सूद ने टीम की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “मेरा भारत महान… 1.4 अरब दिल इस जीत का जश्न मना रहे हैं।” वहीं सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर टीम इंडिया की फोटो पोस्ट कर उम्मीद जताई कि फाइनल में भी भारत का तिरंगा लहराएगा।
अभिनेता अंगद बेदी ने खासतौर पर गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर अक्षर पटेल की तारीफ की। उन्होंने लिखा कि बुमराह की शानदार गेंदबाजी और अक्षर पटेल के दो बेहतरीन कैच ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।
इसी तरह सुनील शेट्टी ने भी टीम इंडिया की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि पूरे मैच में टीम का प्रदर्शन बेहतरीन रहा, लेकिन अक्षर पटेल के शानदार कैच निर्णायक साबित हुए।
इसके अलावा वरुण धवन, रवीना टंडन, शहनाज गिल, मुनमुन दत्ता और आयुष्मान खुराना समेत कई बॉलीवुड सितारों ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर टीम इंडिया को फाइनल के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
अब पूरे देश की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं और फैंस को उम्मीद है कि भारतीय टीम खिताब जीतकर देश का नाम रोशन करेगी।
